MATHURA: रेलवे मथुरा-वृंदावन के बीच हाई स्पीड ट्रेन चलाने जा रहा है। मार्च, 2023 तक इसका संचालन शुरू करने को काम पूरा करने का लक्ष्य है। 12 किमी लंबे ट्रैक पर पांच स्टेशन बनाए जाएंगे। हर 35 मिनट पर ट्रेन मिला करेगी। रेलवे ने गति शक्ति यूनिट को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। शनिवार को आगरा पहुंचे उत्तर-मध्य रेलवे के महाप्रबंधक प्रमोद कुमार इसके लिए अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।
रेलवे ने गति शक्ति यूनिट को जो प्रोजेक्ट सौंपे हैं, उनमें मथुरा-वृंदावन के बीच हाई स्पीड ट्रेन के संचालन का प्रोजेक्ट प्रमुख है। इसमें ब्राड गेज लाइन डालने का काम मार्च, 2023 तक पूरा किया जाना है। गति शक्ति यूनिट को इसके अलावा आगरा फोर्ट, ईदगाह स्टेशन और कुबेरपुर मालगोदाम के रिडवलपमेंट की जिम्मेदारी भी मिली है।
रेलवे को आगरा फोर्ट स्टेशन पर मेट्रो के आने से पहले कई बदलाव करने हैं। इसके साथ ही ईदगाह स्टेशन काे शहर का मुख्य रेलवे स्टेशन बनाने पर काम किया जाना है। कुबेरपुर मालगोदाम पर व्यापारियों की सुविधा को कई काम किए जाने हैं। यमुना ब्रिज स्टेशन स्थित मालगोदाम के आबादी क्षेत्र में होने से व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ती है।
इन कार्यों से संबंधित गति शक्ति यूनिट से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक को महाप्रबंधक प्रमोद कुमार शनिवार को प्रयागराज एक्सप्रेस से आगरा कैंट स्टेशन पहुंचे। यहां डीआरएम आनंद स्वरूप ने उनका स्वागत किया। महाप्रबंधक का रविवार को कोच डिपो व अन्य स्टेशनों के निरीक्षण और सोमवार को आगरा-भांडई रेल ट्रैक के निरीक्षण का कार्यक्रम तय है।