कानपुर: नवरात्र, दुर्गा पूजा, दीपावली समेत अन्य त्योहारों को लेकर यात्रियों की समस्या को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली-गया समेत अलग-अलग रूटों पर चार विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। इससे ट्रेनों में यात्रियों को आसानी से टिकट मिल सकेंगे। (ads1)

दीपावली को लेकर तमाम ट्रेनों पर सीटें पहले से ही बुक होने के कारण नई ट्रेनें चलाई जा रही हैं। रेलवे जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि नई दिल्ली-गया विशेष ट्रेन (01678) 17 अक्टूबर से 11 नवंबर तक सप्ताह में दो दिन सोमवार व शुक्रवार को चलेगी। नई दिल्ली से ट्रेन सुबह 8:10 बजे रवाना होगी।

गाजियाबाद होते हुए कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन में दोपहर 2:55 बजे पहुंचेगी। ट्रेन बिहार के गया देर रात 12:30 बजे पहुंचाएगी। इसी तरह गया-नई दिल्ली विशेष ट्रेन (01677) 18 अक्टूबर से 12 नवंबर तक सप्ताह में दो दिन मंगलवार व शनिवार को सुबह 7 बजे गया से रवाना होगी। देहरी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, प्रयागराज होते हुए कानपुर सेंट्रल दोपहर 3:35 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन दिल्ली रात 11:35 बजे पहुंचाएगी।


ये ट्रेनें भी चलेंगी

- दिल्ली-पटना विशेष ट्रेन (04066) 17, 19, 21, 25, 27 व 29 अक्टूबर को दिल्ली से रात 11:10 बजे रवाना होगी। कानपुर सेंट्रल पर सुबह 5:55 बजे पहुंचेगी। पटना दोपहर 3:45 बजे पहुंचाएगी।

- पटना-दिल्ली विशेष ट्रेन (04065) 18, 20, 22, 24, 26, 28 व 30 अक्टूबर को पटना से शाम 5:45 बजे रवाना होगी। दानापुर, वाराणसी, प्रयागराज होते हुए कानपुर में देर रात 3:00 बजे पहुंचेगी। दूसरे दिन दिल्ली सुबह 10:35 बजे पहुंचाएगी।

इसी तरह आनंद विहार-भागलपुर विशेष ट्रेन (04002) 29 सितंबर से 10 नवंबर तक सप्ताह में एक दिन गुरुवार को चलेगी। आंनद विहार से ट्रेन शाम 7:05 बजे रवाना होगी। कानपुर सेंट्रल स्टेशन में देर रात 2:00 बजे पहुंचेगी। ट्रेन बक्सर, आरा, दानापुर, पटना होते हुए भागलपुर शाम 6:00 बजे पहुंचाएगी।

वहीं, भागलपुर-आनंद विहार (04001) 30 सितंबर से 11 नवंबर तक सप्ताह में एक दिन शुक्रवार को चलेगी। भागलपुर से ट्रेन शाम 7:45 बजे रवाना होगी। सुल्तानगंज, जमालपुर, पटना, दानापुर होते हुए कानपुर में दूसरे दिन सुबह 11:30 बजे पहुंचेगी। आनंद विहार शाम 6:40 बजे पहुंचाएगी।

(ads2)

अमृतसर-पटना विशेष ट्रेन भी

अमृतसर-पटना विशेष ट्रेन (04076) 18, 22 व 26 अक्टूबर को अमृतसर से दोपहर 2:50 बजे रवाना होगी। लुधियाना, दिल्ली होते हुए कानपुर में दूसरे दिन सुबह 5:55 बजे पहुंचेगी। पटना दोपहर 3:45 बजे पहुंचाएगी। इसी तरह पटना-अमृतसर विशेष ट्रेन (04075) 19, 23 व 27 अक्टूबर को शाम 5:45 बजे पटना से रवाना होगी। दानापुर, वाराणसी, प्रयागराज होते हुए कानपुर में भोर 3:00 बजे पहुंचेगी। अमृतसर शाम 6:00 बजे पहुंचाएगी।

दुर्ग एक्सप्रेस तीन अक्टूबर तक रहेगी रद

मध्य प्रदेश के जबलपुर मंडल में रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण को लेकर नान इंटरलाकिंग के कार्य के कारण कानपुर सेंट्रल-दुर्ग एक्सप्रेस (18204) अब तीन अक्टूबर तक रद रहेगी। पहले यह ट्रेन 28 सितंबर तक रद की गई थी।